रक्षा मंत्री

भारत और चीन के बढ़ते तनाव के बीच रक्षा मंत्री रूस के लिए रवाना

नई दिल्ली, 02 सितंबर।  भारत और चीन के बढ़ते तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर आज सुबह रूस के लिए रवाना हुए।

रक्षा मंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि वह द्विपक्षीय सहयोग और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा के लिए अपने रूसी समकक्ष जनरल शोइगू से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा, भारत और रूस रणनीतिक साझेदार हैं और वह यात्रा के दौरान इस साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।

सभी आठ एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों से शुक्रवार को मॉस्को में सामूहिक रूप से आतंकवाद और चरमपंथ जैसी क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और उनसे निपटने के तरीकों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है।

श्री सिंह रूसी रक्षा मंत्री जनरल शेरगेई शोइगू के निमंत्रण पर मास्को का दौरा कर रहे हैं और सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन (सीएसटीओ) और स्वतंत्र राज्यों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) की बैठक में भी भाग लेंगे।

इस साल जून के बाद से यह श्री सिंह की मास्को की दूसरी यात्रा है। उन्होंने 24 जून को मास्को में विजय दिवस परेड में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।