भूकंप के तेज झटकों से थर्राया समूचा पूर्वोत्तर भारत

इंफाल, 04 जनवरी। मणिपुर और म्यामांर की सीमा के नजदीक आज सोमवार की सुबह 4 बजकर 37 मिनट पर आए 6.7 तीव्रता के भूकंप से समूचा पूर्वोत्तर थर्रा गया। डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल दौड़ पड़े। असम की राजधानी में स्थित प्रथम एनडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार भूकंप में अब तक दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र इंफाल से 33 किमी दूर तेमलांन्ग में जमीन से 17 किमी की गहराई में था।

भूकंप से सबसे अधिक तबाही मणिपुर के तामलेंग में हुई है। भूकंप के चलते कई इमारतें धराशायी हो गई हैं। मणिपुर के अलावा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भूकंप का असर देखा जा रहा है। असम के भी कई हिस्सों में इसका असर साफ तौर पर देखा गया, जहां पर कई बिल्डिंगों में दरारे आ गई हैं। भूकंप का असर मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, वेस्ट बंगाल, झारखंड, बिहार और सिक्कम में पड़ा है।

भगदड़ के चलते मणिपुर के अलावा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में काफी लोग घायल हुए हैं। हालांकि अभी तक इस प्राकृतिक आपदा से कितना नुकसान हुआ है, इसकी सही तस्वीर आने में कुछ समय लगेगा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मरने वालों की संख्या 5 के पार पहुंच गई है, जबकि घायलों की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है।         (हि.स.)

फोटोः हि.स.