मध्यप्रदेश में कुएँ में गिरे तेन्दुए को रेस्क्यू किया गया

भोपाल, 12 मार्च (जनसमा)। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में रेहटी से 20 किलोमीटर दूर बनिया गाँव में करीब 25 फिट गहरे कुएँ में शुक्रवार रात गिरे तेन्दूए को वन विहार भोपाल की रेस्क्यू टीम ने सकुशल निकाल लिया है। सुबह 5 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक चले रेस्क्यू आपरेशन में तकरीबन 2000 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो चुकी थी। ऐसे में भीड़ और तेन्दुए को एक-दूसरे से बचाना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था।

फोटो: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बनिया गाँव में शुक्रवार की आधी रात को गिरे तेन्दूए को वन विहार रेस्क्यू टीम ने जीवित निकाल लिया।

मध्यप्रदेश के वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने विभागीय त्वरित प्रयास की सराहना करते हुए रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की है।

शुक्रवार रात 3 बजे वन क्षेत्रपाल बुधनी गुलाब सिंह नागर ने खबर दी कि एक बकरी का पीछा करता हुआ तेन्दुआ गहरे कुएँ में गिर पड़ा है। मुख्य वन संरक्षक सहित वन विहार की रेस्क्यू टीम तुरंत बनिया गाँव के लिए रवाना हो गई। सुबह 5 बजे स्थानीय वन अधिकारी/कर्मचारियों को एकत्र कर कार्यवाही शुरू की गई। टीम ने 8.30 बजे रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर दिया।

पहले कुएँ को पंप लगाकर खाली किया गया। लोगों की तादाद देखते हुए तेन्दूए को चारपाई पर बैठाकर बाहर निकालना खतरे से खाली नहीं था। तेन्दुए को ट्रेंक्यूलाइज कर बाहर निकाला गया। तेन्दुआ पूर्णरूपेण स्वस्थ है। वन विहार में 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद तेन्दुए को वापस जंगल में छोड़ा जायेगा।