ममता बनर्जी ने दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

कोलकाता, 27 मई | पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ममता ने यहां इंदिरा गांधी सरनी (रेड रोड) में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कई राजनेता और हजारों की तादाद में आम लोग मौजूद थे।

ममता राज्य की आठवीं मुख्यमंत्री और पहली महिला मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने बांग्ला में शपथ ली।

शपथ-ग्रहण समारोह में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, बांग्लादेश के उद्योग मंत्री आमिर हुसैन अमु, केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और बाबुल सुप्रियो, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला शामिल थे।