कानून व्यवस्था के रख-रखाव के लिए 'महिला पुलिस गश्ती दल' रवाना

कानून व्यवस्था के रख-रखाव के लिए ‘महिला पुलिस गश्ती दल’ रवाना

जयपुर, 6 अक्टूबर (जस)। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने गुरुवार को उदयपुर में जिला पुलिस की ओर से शुरू की गई अनूठी पहल ’महिला गश्ती दल’ को रवाना किया। इस व्यवस्था के शुभारम्भ से शहर में कानून व्यवस्था के रख-रखाव में महिलाओं की भूमिका बढ़ेगी।

वसुन्धरा राजे ने फतेहसागर पाल से सुरक्षा उपकरण, फर्स्ट-एड बॉक्स एवं अन्य संसाधनों से सुसज्जित 24 सदस्यीय महिला पुलिस के मोटर साइकिल सवार गश्ती दल को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने महिला गश्ती दल को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने उदयपुर जिला पुलिस की इस पहल के लिए सराहना की। उन्होंने गश्ती दल की महिला सदस्यों से पेट्रोलिंग, हथियारों एवं अन्य उपकरणों के बारे में जानकारी ली और उनके साथ फोटो खिंचवाकर हौसला अफजाई की।

यह महिला गश्ती दल उदयपुर शहर में महिलाओं, छात्राओं, बच्चों तथा पर्यटकों के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर राजस्थान के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया, आईजी आनन्द श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर रोहित गुप्ता, पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गोयल सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।