Sakshi Maharaj

राहुल गांधी हिंदू नहीं, राजनीति के पप्पू हैं : भाजपा सांसद साक्षी महाराज

मैनपुरी, 9 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज का कहना है कि राहुल गांधी हिंदू नहीं, राजनीति के पप्पू हैं। साक्षी महाराज ने  कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हिंदू नहीं मानते हुए उन्हें ‘राजनीति का पप्पू’ करार दिया है।

मैनपुरी जिला जेल में बंद भाजपा नेता मैदान सिंह राजपूत से मिलने पहुंचे साक्षी महाराज ने कहा,”कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुलगांधी राजनीति के पप्पू हैं। वह बेकार में उत्तर प्रदेश का लगातार चक्कर काट रहे हैं। उनको राजनीति में पारंगत होने में अभी काफी समय लगेगा।”

उन्होंने आगे कहा,”मैं राहुल गांधी को हिंदू नहीं मानता।वह जब हिंदू ही नहीं हैं तो उन्हें हिंदुस्तान और भारतीय सेना से कैसे प्यार हो सकता है।”

सांसद महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के बाद राम मंदिर का भव्यता से निर्माण होगा।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का हत्यारा नाथूराम गोडसे को साक्षी महाराज अपना आदर्श मानते हैं।दो साल पहले संसद के बाहर मीडिया के समक्ष वह यह बात कह चुके हैं। बाद में हो-हल्ला मचने और पार्टी आलाकमान का नोटिस मिलने पर वह अपनी बात से पलट गए थे। (आईएएनएस/आईपीएन)