रियो ओलम्पिक (निशानेबाजी) : संधु और चेनाई भी बाहर

रियो डी जेनेरियो, 8 अगस्त (आईएएनएस)| भारत के निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू और कीनान चेनाई सोमवार को रियो ओलम्पिक की पुरुष ट्रैंप स्पर्धा के सेमीफाइनल की दौड़े से बाहर हो गए हैं। ओलम्पिक शूटिंग सेन्टर में खेल गए मुकाबले के दूसरे दिन दोनों खिलाड़ी क्रमश: 16वें और 19वें स्थान पर रहे।

संधु का यह चौथा ओलम्पिक था। उन्होंने इस स्पर्धा में 115 अंक हासिल किए। वहीं चेनाई ने संधु से एक अंक कम हासिल किया।

इससे पहले रविवार को स्पर्धा के पहले दिन संधु और चेनाई ने 17वां और 19वां स्थान हासिल करते हुए भारतीय उम्मीदों को बरकरार रखा था।

संधु ने रविवार को तीन दौर में 23,23 और 22 का स्कोर करते हुए 68 का कुल स्कोर किया था। सोमवार को 17वें स्थान से शुरू करने वाले संधू चौथे दौर के बाद सातवें स्थान पर आ गए थे। जिसके बाद उनसे शीर्ष आठ में अंत करने की उम्मीद थी।

25 अंको का एक और दौर उन्हें शूट ऑफ में पहुंचा सकता था, लेकिन 25 शॉट की फाइनल सीरीज में 22 का स्कोर कर वह 16वें स्थान पर रहे।

वहीं चेनाई ने रविवार को 22, 23 और 22 का स्कोर करते हुए कुल 67 अंक अर्जित किए थे। सोमवार को उन्होंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह इसे जारी नहीं रख सके और एक समय 21वें स्थान पर आ गए थे।

लेकिन फिर उन्होंने वापसी करते हुए 19वां स्थान हासिल किया।

इटली के जियोवानी पेलीलो ने रविवार को तीसरा स्थान हासिल किया था, सोमवार को उन्होंने 122 के कुल स्कोर के साथ पहला स्थान पर कब्जा जमाया। इंग्लैंड के एडवर्ड लिंग 120 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

क्रोएशिया के जोसिप ग्लासनोविक ने 120 के कुल स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।