संसद के मानसून सत्र के पांचवें दिन भी हंगामे के आसार

नई दिल्ली, 23 जुलाई (जनसमाचार) । आज देश की राजनीति, शिक्षा, न्यायपालिका और खेल जगत में कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम होने की संभावना है।

संसद का कवरेज करनेवाले पत्रकारों और राजनीतिज्ञों का कहना है कि संसद के मानसून सत्र के पांचवें दिन भी हंगामे के आसार हैं। विपक्ष NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है, जबकि सरकार चर्चा के लिए तैयार होने की बात कह रही है। पिछले चार दिनों से लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही लगातार बाधित रही है।

दूसरी ओर आज शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और CJP के आंदोलन को लेकर विभिन्न छात्र एवं नागरिक संगठनों द्वारा कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। आयोजकों ने इसे शांतिपूर्ण रखने की अपील की है। प्रदर्शन का केंद्र शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली तथा हाल की घटनाओं को लेकर जवाबदेही की मांग है।

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संसद क्षेत्र और जंतर-मंतर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। कुछ मेट्रो स्टेशनों पर परिचालन प्रभावित रहने की संभावना है, इसलिए यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।