सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं : रघुवर दास

रांची, 12 अक्टूबर (जस)। झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को रांची के अरगोड़ा मैदान में आयोजित रावण दहण कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि पर्व पर हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि दुर्गा पूजा से मिली शक्ति को हम राज्य के नव निर्माण में लगायेंगे। अपने अंदर से लालच को दूर भगायेंगे। सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं, सत्य की राह पर चलेंगे। ईमानदारी पूर्वक कार्य करेंगे।

रघुवर दास ने कहा कि विभिन्नता में एकता का संदेश देने वाला हमारा देश अपने वीर सैनिकों की वीरता का सम्मान करता है। हमारे सैनिकों ने जिस तरह से आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया है उस पर हमें गर्व है। हमारे वीर सैनिकों के साथ पूरे देश की जनशक्ति भी शामिल है। हमारे देश की एकता और अखंडता को कोई भी असूरी शक्ति नहीं तोड़ सकती है। हम अपने भारत की एकता और अखण्डता को अक्षुण्ण रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के लोगों को विजय दशमी के अवसर पर हार्दिक बधाई व शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और मुहर्रम के अवसर पर यहां की जनता ने सामाजिक सौहार्द की अनुपम मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि अरगोड़ा मैदान का एक महीने की भीतर सौंदर्यीकरण किया जायेगा।

उन्होंने राज्य के सभी प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों को ईमानदारी पूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करने हेतु धन्यवाद दिया। इस अवसर पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल सहित पूजा समिति के सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।