हथकरघा हाट

हथकरघा हाट का दौरा किया अमरीकी वाणिज्य मंत्री ने

हथकरघा हाट। नई दिल्ली, 10 मार्च। अमरीकी वाणिज्य मंत्री सुश्री गीना राईमोंडो ने आज हथकरघा हाट, जनपथ, नई दिल्ली का दौरा किया तथा करघे और शिल्‍प के प्रदर्शन को देखा। केंद्रीय रेल और कपड़ा राज्य मंत्री श्रीमती दर्शना जरदोश ने उनकी मेजबानी की। उन्होंने महिला कारीगरों और बुनकरों के साथ बातचीत की और कपड़ा क्षेत्र में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

हथकरघा हाट, जनपथ, नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस #विरासत सेले‍ब्रेटिंग शक्ति के एक भाग के रूप में 6 से 12 मार्च, 2023 तक सप्ताह भर चलने वाले उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

भारत के आजादी का अमृत महोत्सव के जश्न की भावना के अंतर्गत अनेक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं सहित महिला हथकरघा बुनकरों, शिल्पकारों, उद्यमियों और डिजाइनरों द्वारा 75 स्टाल लगाए गए हैं।

केंद्रीय रेल और कपड़ा राज्य मंत्री ने हथकरघा और हस्तशिल्प के महत्‍व के बारे में अमरीकी वाणिज्य मंत्री को बताया कि ये भारत की सांस्कृतिक विरासत के अंग होने के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों,खासतौर पर महिलाओं के लिए रोजगार के स्रोत के रूप में भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने हस्तशिल्प और हथकरघा की सर्कुलरिटी और निरंतरता पर भी जोर दिया।