हम न्याय के साथ विकास की अवधारणा पर कार्य कर रहे हैं : नीतीश

पटना, 12 मार्च। पटना के गायघाट में बिहार ज्युडिशियल एकेडमी के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित समारोह में उपस्थित गणमान्य को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार न्याय के साथ विकास की अवधारणा पर कार्य कर रही है। न्याय के साथ विकास के लिए ज्युडिशियरी की महत्वपूर्ण भूमिका की जरूरत होती है। बिहार में विधि के शासन की स्थापना में ज्युडिशियरी द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। बिहार में न्याय प्रणाली को सुदृढ़ करने का कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार के लिए ज्युडिशियल एकेडमी की अपनी महत्ता है। यह एकेडमी गंगा के तट पर एक अच्छे जगह पर स्थापित किया गया है। यहॉ न्यायिक अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण का कार्यक्रम चलाया जाना है। न्याय प्रणाली से जुड़े हुए लोगों यथाः लोक अभियोजक के लिए भी प्रशिक्षण का कार्यक्रम चलाया जाये ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक को मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार के कुल 38 जिलों में से 37 जिलों में न्यायमंडल स्थापित हैं। सरकार का प्रयास है कि न्यायिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में कोई कमी नहीं रहे। माननीय उच्च न्यायालय पटना का जो भी प्रस्ताव सरकार को प्राप्त होता है, उस पर अविलंब कार्रवाई की जाती है।

नीतीश ने कहा कि एकेडमी के विस्तार और बेहतरी के लिए कार्य किया जाये। सिमित संसाधन के बावजूद बिहार सरकार न्यायिक क्षेत्र से जुडे़ कार्यों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि यह एकेडमी प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक मिशाल कायम करे और देश में स्थापित अन्य एकेडमियों में अपना स्थान बनाए, इसके लिए जो भी संसाधन की जरूरत होगी, सरकार उसे ससमय उपलब्ध करायेगी।

इसके पूर्व बिहार जुडिसियल एकेडमी के नये भवन का विधिवत उद्घाटन भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तीरथ सिंह ठाकुर के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया।