हिमाचल के पर्यटन विकास निगम को मिला ‘राष्ट्रीय पुरस्कार’

शिमला, 29 मार्च (जनसमा)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम को वर्ष 2015-16 के दौरान ई-शासन के लिए ‘राष्ट्रीय पुरस्कार’ तथा भारत सरकार द्वारा आॅन लाईन होटल आरक्षण प्रणाली और राज्य सरकार द्वारा सूचना संचार प्रौद्योगिकी के नवोन्मेष के लिए ‘स्वर्ण पुरस्कार’ से सम्मानित होने पर निगम की सराहना की है।

यह पुरस्कार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस द्वारा नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन के दौरान हि.प्र. पर्यटन विकास निगम और एनआईसी के संयुक्त दल को प्रदान किया गया था।

मंगलवार को यहां निगम के समस्त गैर सरकारी तथा सरकारी सदस्यों ने वीरभद्र सिंह को पुरस्कार प्रमाण पत्र एवं ट्राॅफी भेंट की। इस दौरान हि.प्र. पर्यटन विकास निगम की 28,571 रुपये की पुरस्कार राशि के हिस्से को भी मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान किया।

इसके अतिरिक्त, बैठक में यह भी अवगत करवाया गया कि हिमाचल प्रदेश को होली-डे आईक्यू द्वारा ‘बैटर होलीडे अवार्ड-2016’ के लिए चयनित किया गया है। यह पुरस्कार मैकलोड़गंज के त्रियुंड को ‘श्रेष्ठ होली डे गंतव्य’ के लिए नई दिल्ली के ताज होटल में 30 मार्च, 2016 को प्रदान किया जाएगा।

वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को यहां आयोजित हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के निदेशक मण्डल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि निगम ने वर्ष 2015-16 के दौरान फरवरी, 2016 तक 383.04 लाख रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है। निगम ने 201.15 लाख रुपये अवमूल्यन के उपरांत शुद्ध लाभ 181.89 लाख रुपये कमाया है। इसके अतिरिक्त, पिछले वर्ष निगम का परिचालन लाभ 224.59 लाख रुपये था तथा इस अवधि के 457.37 लाख रुपये के कुल घाटे को पूरा करने के उपरांत शुद्ध लाभ 19.72 लाख रुपये का है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्बा जिले के भरमौर में होटल गौरी कुंड, कांगड़ा जिले के नुरपुर में होटल नूरपुर और काज़ा में चार काॅटेज की नई इकाइयों को क्रियाशील बनाया गया है। इसके अलावा, कसौली में 42 कमरों के होटल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने हि.प्र. पर्यटन विकास निगम की इकाइयों में सेवा की गुणवत्ता में सुधार पर बल देते हुए कहा कि इनमें ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।