हिमाचल के मुख्यमन्त्री राहत कोष में 31 लाख का अंशदान

शिमला, 17 मार्च (जनसमा)। हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम ने वर्ष 2014-15 में अर्जित मुनाफे में से 1 करोड़ 54 लाख 12 हजार 218 रुपये की राशि का चेक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह को भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त, निगम की ओर से 31 लाख रुपये का चेक मुख्यमन्त्री राहत कोष के लिये भी भेंट किया।

इस अवसर पर गुरुवार को यहां हिमाचल प्रदेश के उद्योग मन्त्री मुकेश अग्निहोत्री, राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, प्रबन्ध निदेशक डा. एस.एस. गुलेरिया, महाप्रबन्धक चेतन शर्मा और कर्मचारी संघ के महासचिव एस.आर.कलोटी भी उपस्थित थे।

निगम ने वर्ष 2014-15 में कुल 6.30 करोड़ लाभ कमाया है जबकि वर्ष 2015-16 में अनुमानित लाभ 7.26 करोड़ होने की आशा है।

निगम के उपाध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक ने मुख्यमन्त्री को निगम द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों से अवगत करवाया और पंडोगा एवं कन्दरोड़ी में निर्मित किये जा रहे नये औद्योगिक क्षेत्रों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी भी दी।

उन्होंनेे मुख्यमन्त्री को निगम द्वारा राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों में निर्मित किये जा रहे स्कूल भवनों के निर्माण कार्य को तय अवधि से पहले पूरा करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमन्त्री ने निगम के इन प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि निगम भविष्य में और अधिक सुदृढ़ होगा और आशाजनक उपलब्धियां हासिल करेगा।

शर्मा ने अगले वित वर्ष के लिये प्रदेश में औद्योगिकीकरण के लिये 180 करोड़ का बजट प्रावधान करने के लिये मुख्यमन्त्री तथा उद्योग मन्त्री का आभार प्रकट किया।