stempede

मुंबई के एल्फिन्स्टन रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 22 मरे, 39 घायल हुए

मुंबई,  29 सितम्बर  (जनसमा)।  मुंबई के एल्फिन्स्टन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को  मची भगदड़ में शाम तक मिली जानकारी के अनुसार कम से कम 22 लोग मारे गए और 39 घायल हो गए हैं। पश्चिम लाइन और परेल स्टेशन पर एल्फिन्स्टन रोड स्टेशन को सेंट्रल लाइन  से जोडने वाले पैदल ओवर ब्रिज पर कार्यालय समय के दौरान बेहद भीड़ रहती है। इस क्षेत्र में कई कार्यालय हैं।

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में 18 पुरुष व चार महिलाएं शामिल हैं। जबकि 23 पुरुष व नौ महिलाएं घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

Stampede breaks out at on a narrow railway footover bridge connecting the Parel-Elphinstone Road stations of Western Railway in Mumbai on Sept 29, 2017. At least 22 commuters were killed. (Photo: IANS)

इस घटना के बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में हुई भगदड़ की उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है। गोयल ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं गंभीर चोटों के लिए 1 लाख रुपये और मामूली घायल होने वाले लोगों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

बाद में रेल मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के मंत्री विनोद तावडे घायलों का हालचाल जानने के लिए केईएम अस्पताल गए। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में एल्फिन्स्टन  स्टेशन भगदड़ पर संवेदना व्यक्त की  हैं।  उन्होंने कहा  “मुंबई में स्थिति लगातार निगरानी रखी जा रही है।

शुरुआती समाचारों में कहा गया था कि सुबह 10:45 बजे  एल्फिन्स्टन रोड स्टेशन पर भगदड़ में चार महिलाएं भी शामिल थीं और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए तुरंत पास के केईएम अस्पताल में पहुंचाया गया। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रूपए के अनुदान की घोषणा की है। राज्य सरकार घायल लोगों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट की अफवाह के बाद यह भगदड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तरी पुल पर भारी बारिश में भगदड़ होने के कारण लोगों ने  पुल पर इकट्ठा करना शुरू कर दिया था।