Polling booth

दिल्ली में निगमों के चुनाव में 42 फीसदी मतदान

नई दिल्ली, 23 अप्रैल। दिल्ली में रविवार को तीनों निगमों के 272 वार्डो के लिए मतदान संपन्न हुआ। मतदान के लिए निर्धारित समय शाम 5.30 बजे तक 42 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। राजधानी में पड़ रही तेज गर्मी के चलते मतदान प्रभावित रहा। मतदान शांतिपूर्ण रहा।

नगर निगम में पिछले 10 सालों से भारतीय जनता पार्टी सत्ता पर काबिज रही है। कई जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में गड़बड़ी की बात कही गई।

मतदान के दौरान ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरी दिल्ली से ईवीएम में गड़बड़ी होने की खबरें मिली हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह भी कहा कि वोटर स्लिप होने के बावजूद अनेक मतदाताओं को मतदान करने से रोका गया।

स्थानीय निवासियों ने कई इलाकों में कम मतदान होने की सूचना दी हैए हालांकि कई अन्य जगहों पर मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं।

पूर्वी दिल्ली के मौजपुर और उत्तरी दिल्ली के सराय पीपल वार्डो में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के निधन के चलते रविवार को मतदान नहीं करवाया गया।

हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए अरविंदर सिंह लवली अपने इलाके के मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने के चलते मतदान नहीं कर सके।

भाजपा, कांग्रेस और आप के बीच जहां मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, वहीं बहुजन समाज पार्टी ,समाजवादी पार्टी, जनता दल युनाइटेड, योगेंद्र यादव की नवगठित पार्टी स्वराज इंडिया चुनावी मैदान में हैं।

निकाय चुनाव में मतदान करने वाले प्रमुख लोगो में दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, केजरीवाल, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन और दिल्ली भाजपा के नेता शामिल रहे।

कुछ मतदाताओं ने मतदान की खराब व्यवस्था की शिकायत भी की।