सुरक्षा बल के जवान मुस्तैदी के साथ सरहद की हिफाजत में जुटे हैं : राजनाथ

जयपुर, 8 अक्टूबर (जस)। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राजस्थान के बाड़मेर में मुनाबाव सीमा चौकी पर जवानाें से मुलाकात के बाद पत्रकाराें से बात करते हुए कहा कि सरहद पर सीमा सुरक्षा बल मुस्तैद है और जवान मुस्तैदी के साथ सरहद की हिफाजत में जुटे है। राजनाथ ने कहा कि जिस तरह किसान अपनी जान लगाकर अपने खेत की हिफाजत करता है उसी तरह सीमा सुरक्षा बल के जवान भी देश की हिफाजत में जुटे है।

एक दिवसीय दौरे पर मुनाबाव पहुंचे राजनाथ सिंह ने सैनिक सम्मेलन के दौरान जवानाें की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि सरहद पर सुरक्षा व्यवस्था संतोषप्रद है। उन्होंने जवानाें की समस्याएं जानने के साथ केन्द्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया।

इससे पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री सिंह ने इस दौरान सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियाें से सुरक्षा व्यवस्था संबंधित जानकारी भी ली। राजनाथ सिंह ने मुनाबाव में कांफ्रेंस हाल के समीप पौधारोपण किया। केन्द्रीय गृह मंत्री जवानाें के साथ खाने में शामिल हुए।  उन्हाेंने सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए जवानाें की हौसला अफजाई की।

इस दौरान केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरेण रिजिजू, राजस्थान के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक के.के.शर्मा, बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी, सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक अजय कुमार तोमर, महानिरीक्षक पुलिस हवासिंह घुमरिया, उप महानिरीक्षक एम.पी.एस.भाटी, बाड़मेर सेक्टर के उप महानिरीक्षक प्रतुल गौतम, जिला कलक्टर सुधीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंगला, बायतू विधायक कैलाश चौधरी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथसिंह के पश्चिमी सरहद स्थित हैलीपेड पर पहुंचने पर सीमा सुरक्षा बल एवं प्रशासनिक अधिकारियाें ने उनका स्वागत किया।