BJP Lokkalyan Sankalp Patra

उप्र चुनाव : भाजपा घोषणापत्र में फ्री लैपटॉप और इंटरनेट का एलान

लखनऊ, 28 जनवरी । उत्तर प्रदेश के चुनावी दंगल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में उप्र के विकास के 9 मुद्दों को शामिल किया है, इसमें महिला सुरक्षा से लेकर युवाओं को रोजगार और किसानों की सुविधा पर फोकस किया गया है।

भाजपा ने घोषणापत्र में फ्री लैपटॉप और एक साल तक फ्री इंटरनेट डाटा का एलान भी किया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा के घोषण पत्र को चुनाव घोषणा पत्र नहीं बल्कि उसे लोक कल्याण संकल्प पत्र-2017 बताया।

Amit Shah releasing BJP Lok Kalyan Sankalp Patra for Uttar Pradesh Assembly Election 2017 at Indira Gandhi Pratishthan, Gomti Nagar on January 28, 2017

भाजपा ने अपने 23 पन्नांे के लोक कल्याण संकल्प पत्र-2017 को नौ मुद्दों कृषि विकास का बने आधार, न गुंडाराज न भ्रष्टाचार, हर युवा को मिलेगा रोजगार, शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता विस्तार, गरीबी से मुक्ति का सपना साकार, बुनियादी विकास मजबूत आधार, विकसित उद्योग सुगम व्यापार, सशक्त नारी सम्मान अधिकार, स्वस्थ हो हर घर-परिवार के साथ-साथ दसवें बिन्दु को महत्वपूर्ण मुद्दों पर हमारा संकल्प के नाम से शामिल किया है।

सरकार बनने पर राज्य का होगा चैतरफा विकास

शाह ने कहा कि देश का सबसे बड़ा राज्य विकास की रेस में काफी पिछड़ गया है। उत्तर प्रदेश से पिछड़े राज्य बीते 15 वर्ष में देश के सबसे बड़े राज्य से काफी आगे निकल गए हैं। उत्तर प्रदेश में पिछले 15 वर्ष से समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी की सरकार है। इन दोनों ने उत्तर प्रदेश के विकास पर जरा भी ध्यान नहीं दिया। शाह ने कहा कि हमको भरोसा है कि जब तक उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनती है, तब तक इस राज्य का कल्याण नहीं हो सकता है। भाजपा इसको बीमारू राज्य से पूर्ण विकसित राज्य बनाने को लेकर संकल्पित है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर राज्य का चैतरफा विकास होगा। इसका कायाकल्प हो जाएगा।

शिक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान

अमित शाह ने कहा कि देश के सबसे बड़े प्रदेश में चुनाव होने जा रहा है। उप्र में चप्पे-चप्पे पर हमारे कार्यकर्ता मौजूद हैं। इस दौरान हमने उप्र में 10 करोड़ लोगों से हमने जनसंपर्क किया है। हमने तीस लाख लोगों की राय ली है। किसान, मजदूर व बेरोजगार के साथ ही दलित व पिछड़ों की आकांक्षाओं को जाना है, सभी की राय ली है। शाह ने कहा कि हमारी सरकार का शिक्षा पर विशेष जोर रहेगा। हम लड़कियों को स्नातक तथा लड़कों को इंटर तक मुफ्त में शिक्षा देंगे, जिससे कि वह आगे अपना हर कदम बेहद मजबूती के साथ रखें। अमित शाह को भरोसा है कि अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो प्रदेश को पांच वर्ष में बीमारू राज्य से विकसित राज्य बना देंगे। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लिए अपने चुनाव घोषण पत्र का नाम लोक कल्याण संकल्प पत्र रखा है।

फसलों पर लिया गया ऋण माफ किया जाएगा

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 150 करोड़ रुपये की लागत से डेयरी विकास की स्थापना की जाएगी। हम कृषि मजदूरों को दो लाख का बीमा देंगे। इसके साथ ही किसानों का फसलों पर लिया गया ऋण भी माफ किया जाएगा। प्रदेश में सरकार बनने पर 20 दिनों में गन्ना किसानों को बकाया राशि मिलेगी। इसके साथ उनको किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज मिलेगा। प्रदेश में अब अवैध पशु तथा कत्लखाने बंद किए जाएंगे। हम उत्तर प्रदेश में पांच साल में 70 लाख रोजगार पैदा करने का वादा करते हैं। सभी कॉलेज व विश्वविद्यालयों में मुफ्त वाई फाई की सुविधा दी जाएगी।

उप्र पुलिस में करीब डेढ़ लाख भर्तियां होंगी

अमित शाह ने कहा कि अभी तक तो उत्तर प्रदेश में जाति पूछने के बाद केस दर्ज होता है। अब ऐसा नहीं होगा। उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब डेढ़ लाख भर्तियां होंगी। अब जाति विशेष के लोग ही भर्ती नहीं होंगे। सभी को उचित मौका दिया जाएगा। अगर एक ही जाति और एक ही धर्म के लोग पुलिस में भर्ती होंगे तो पारदर्शिता कैसे रह पाएगी। यहां पर खनन माफिया के साथ रोड माफिया बेहद सक्रिय हैं। यहां भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी भागते नजर आएंगे। शाह ने कहा कि हमने कालेधन पर कड़ा प्रहार किया है। हमने इस बार लोक कल्याण संकल्प पत्र को नौ मुद्दों में बांटा है। उप्र विकास की रेस में बहुत पिछड़ गया है। हमने उत्तर प्रदेश को विकसशील बनाने की लिए हमने संकल्प लिया है।

तीन तलाक पर प्रदेश की महिलाओं से लेंगे राय

अमित शाह ने कहा कि तीन तलाक के मुद्दे पर प्रदेश की महिलाओं से राय लेंगे। प्रदेश के हर जिले में तीन महिला थाने बनेंगे। हर गांव को तहसील सेंटर से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिनों में चेक से करेंगे।

भाजपा के घोषणा पत्र की खास बातें :-

उप्र में किसानों का कर्ज शत-प्रतिशत माफ होगा

किसानों को बिना ब्याज के कर्ज देंगे

धान के लिए किसान का शोषण नहीं होगा

भूमिहीन किसानों को 2 लाख रुपये का बीमा देंगे

कृषि विकास का फंड बनाया जाएगा

अमूल की तरह उप्र में डेयरी शुरू की जाएगी

बुंदलेखंड पर विशेष ध्यान दिया जाएगा

उप्र में पुलिस के खाली पद तुरंत भरे जाएंगे

प्रदेश में पलायन को रोका जाएगा

पशुओं का कत्ल बंद होगा

गरीब परिवार की बेटी को जन्म के साथ ही 5000 रुपये की मदद देंगे

विधवा पेंशन 1000 रुपये की जाएगी

विधवा पेंशन के लिए उम्र की सीमा खत्म करेंगे

हर जिले में तीन महिला थाने बनेंगे

तीन तलाक के मुद्दे पर प्रदेश की मुस्लिम महिलाओं से राय लेंगे

गरीबों को फ्री में एलपीजी सिलेंडर देंगे

हर गांव को तहसील सेंटर से जोड़ा जाएगा

उप्र में 25 अस्पताल बनाए जाएंगे

यांत्रिक कत्लखाने को बंद किया जाएगा

25 नए सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल बनेंगे

संवैधानिक तरीके से राम मंदिर बनाने की कोशिश करेंगे

गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिनों में चेक से करेंगे

6 एम्स बनाने की व्यवस्था करेंगे

45 दिनों में सभी अपराधी जेल में बंद होंगे

100 नंबर की सेवा को और मजबूत किया जाएगा

धान को शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदेंगे

सरकार बनने के बाद एंटी-भूमाफिया टास्क फोर्स बनेगी

खनन माफियाओं के लिए टास्क फोर्स बनेंगे

40 हजार से अधिक अपराधी 40 दिनों के भीतर जेल में होंगे

स्नातक तक लड़कियों और 12वीं तक लड़कों को मुफ्त में शिक्षा

मुख्यमंत्री सिंचाई फंड की शुरुआत करेंगे

एक साल तक लैपटॉप के साथ 1 जीबी डाटा मुफ्त

5 साल में 24 घंटे बिजली का वादा

डेढ़ लाख पुलिस के खाली पद भरे जाएंगे

स्कूल-कॉलेज सहित यूनिवर्सिटी में फ्री वाई-फाई की सुविधा होगी

हर गांव तहसील से जुड़ेंगे

लखनऊ और मेट्रो शहर का विस्तार होगा

हर घर में एलपीजी पहुंचाने का वादा

कानपुर, झांसी मेरठ और गाजियाबाद में मेट्रो सेवा देंगे

2019 तक उप्र के हर घर में होगी बिजली

बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने के लिए बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनाएंगे

पर्यटन स्थलों पर हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत

अवैध खनन पूरी तरह बंद होंगे

(आईएएनएस/आईपीएन)