Modi in BJP office

बीजेपी ने कर्नाटक में सरकार बनाने का दावा पेश किया

कर्नाटक में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी बीजेपी ने राज्य में सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया है। भाजपा के मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीदवार बी०एस० येदियुरप्‍पा ने राज्‍यपाल वाजूभाई वाला से मुलाकात की और बहुमत साबित करने के लिए समय मांगा।

कर्नाटक के  मुख्‍यमंत्री सिद्धरमैया और जनता दल-एस विधायक दल के नेता एच०डी०कुमारस्‍वामी भी राज्‍यपाल से मिले। उन्‍होंने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भाजपा 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है किन्तु सरकार बनाने के लिए उसे 9 सीटों की और जरूरत होगी। कांग्रेस को 78, जनता दल-एस को 38 और अन्‍य को दो सीटें मिली है।

इधर दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा सभी बड़े नेता पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं को पहले अमित शाह ने संबोधित किया।

कर्नाटक में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्‍य के लोगों का धन्‍यवाद किया है।

शाह के बाद पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बनारस में हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की खुशी है, लेकिन बनारस में हुए हादसे से मन भारी है।

पीएम मोदी ने कहा ‘जनता जनार्दन भगवान का रूप होता है, कर्नाटक की जनता ने गुमराह करने वालों को जवाब दिया है। कर्नाटक की जनता को बधाई देता हूं।’