BJP Manoj Tiwari and Congress Candidate Kanhaiya Kumar square off in Delhi

दिल्ली में कांग्रेस के कन्हैया कुमार का मुकाबला बीजेपी के मनोज तिवारी से

Loksabha Election 2024 : नई दिल्ली, 14 अप्रैल। कांग्रेस ने रविवार को जारी सूची में कांग्रेस ने तीन राज्यों से 10 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।

कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार को टिकट दिया है। इस सीट पर कन्हैया कुमार का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार मनोज तिवारी से होगा। इसके अलावा, कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली की तीन, पंजाब की छह और उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

कांग्रेस ने दिल्ली के चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल और उत्तर पश्चिम दिल्ली से उदित राज को मैदान में उतारा है। अन्य उम्मीदवार हैं पटियाला से धर्मवीर गांधी, संगरूर से सुखपाल सिंह खैरा, अमृतसर से गुरजीत औजला, जालंधर से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और इलाहाबाद से उज्जवल रेवती रमण सिंह ।

इन सभी उम्मीदवारों में खास हैं पूर्व जेएनयूएसयू अध्यक्ष बिहार के बेगुसराय के रहने वाले 37 वर्षीय कन्हैया कुमार, जो दूसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के टिकट पर भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ बेगुसराय लोकसभा सीट पर 4 लाख से ज्यादा वोटों से हार गये थे। कन्हैया कुमार 2021 में कांग्रेस में शामिल हुए और 2023 में उन्हें कांग्रेस कार्य समिति में शामिल किया गया।

दिल्ली में कन्हैया कुमार का मुकाबला मनोज तिवारी से उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर होगा। तिवारी दो बार सांसद हैं और उन्होंने लोकसभा चुनाव में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराया था।

चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जेपी अग्रवाल बीजेपी के प्रवीण खंडेलवाल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। जय प्रकाश अग्रवाल इस सीट से 1984, 1989 और 1996 में चुनाव जीते थे। उदित राज उत्तर-पश्चिम दिल्ली से भाजपा नेता योगेन्द्र चंदोलिया को टक्कर देंगे ।