झारखण्ड में प्रश्न पत्र लीक के मामले में एसआईटी का गठन

रांची,06 फरवरी। झारखण्ड में प्रश्न पत्र लीक के मामले में एसआईटी का गठन किया गया है। सरकार ने अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी का आदेश दिया है।

झारखण्ड सामान्य स्नातक, योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 प्रश्न पत्र लीक मामले में राज्य सरकार द्वारा पुनः एसआईटी का गठन किया गया है।

संजीव कुमार बेसरा, पुलिस उपाधीक्षक सदर, रांची स्पेशल टास्क फोर्स का नेतृत्व करेंगे। एसआईटी में चार पुलिस निरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। इससे संबंधित आदेश वरीय आरक्षी अधीक्षक द्वारा जारी कर दिया गया।

मालूम हो कि झारखण्ड सामान्य स्नातक, योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023, 28 जनवरी 2024 को निर्धारित था। परन्तु परीक्षा संचालन के पूर्व ही प्रश्न पत्र लीक हो गया था।

इस घटना के उपरांत तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक, सदर के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया था। लेकिन काण्ड के अनुसंधानकर्ता-सह-पुलिस उपाधीक्षक सदर, रांची का इस जिला से अन्यत्र स्थनान्तरण रूटीन प्रक्रिया के तहत हो गया है।

संजीव कुमार बेसरा, पुलिस उपाधीक्षक सदर, रांची को इस मामले में जाँच अधिकारी के रूप में नामित किया गया है। एसआईटी को उपरोक्त प्रश्न पत्र लीक किए जाने के मामले में संलिप्त अभियुक्तों की जल्द शिनाख्त कर गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है।

इस संदर्भ में नामकुम थाना में अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है।