ओडिशा के भद्रक में कर्फ्यू में चार घंटे की ढील, फेसबुक पोस्ट की जांच शुरू

नई दिल्ली, 10 अप्रैल। अपमानजनक फेसबुक पोस्ट के कारण सांप्रदायिक तनाव पैदा होने के दो दिन बाद ओडिशा में भद्रक शहर की स्थिति नियंत्रण में है और स्थिति में काफी सुधार हुआ है। बीते शुक्रवार को शहर में कर्फ्यू लगाए जाने के बाद आज सोमवार सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक लोगों को जरूरी चीजें खरीदने की इजाजत दी गई है।

रविवार को जिला प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा के बाद 4 घंटों के लिए कर्फ्यू उठाया था।

 सुरक्षा कर्मियों ने ओडिशा के भद्रक में ध्वज मार्च  किया।

पिछले 48 घंटों में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। अशांति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अगले 48 घंटों के लिए व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर सहित सोशल मीडिया पर रोक लगा दी है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और शान्ति बनाये रखने के लिए  शहर के सभी शैक्षणिक संस्थानों को सोमवार को बन्द रखने का निर्देश दिया है। इस शहर में पुलिस बल के लगभग 36 प्लाटून और केंद्रीय बलों की दो कंपनियों को तैनात है ताकि कोई अशांति न हो। पुलिस ने अशांति फैलाने के आरोप में मुख्य आरोपी सहित 43 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बीच राज्य अपराध शाखा ने सोशल मीडिया पर देवताओं पर कथित अपमानजनक टिप्पणी की जांच शुरू कर दी।