Cold wave

देश के कई भागों में कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा रहेगा

देश के कई भागों में कड़ाके की सर्दी रहेगी और कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। शनिवार को लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 17.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में आगामी तीन दिनों तक शीत लहर बनी रहेगी और न्यूनतम तापमनन 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है।

रविवार को शिमला का तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है जो दिल्ली से अधिक होगा, वहीं श्रीनगर का तापमान शून्य से 6 डिग्री नीचे रहने की संभावना है।

राजस्थान के चूरू में शनिवार का तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया और रविवार को भी यही स्थिति रहने वाली है।

पंजाब के आदमपुर में मौसम की सबसे ठंडी रात थी जहां पारा शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम था। हरियाणा में हिसार 0.3 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य छः डिग्री नीचे था।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में रविवार को भी कड़ाके की शीत लहर बनी रहेगी। उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है।

पंजाब, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और  उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के  कई स्थानों पर रविवार को घने कोहरे की संभावना है।

जम्मू और कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में तापमान पानी के जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया था। मौसम विभाग ने कहा है कि लेह और कारगिल में मौसम की सबसे सर्द रात थी।