Sridevi

भारतीय सिनेमा की पहली सुपर स्टार श्रीदेवी पंचतत्व में विलीन

भारतीय सिनेमा की पहली सुपर स्टार श्रीदेवी बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। मुंबई के विले पार्ले समाज सेवा  श्मशान गृह में उनके पति बोनी कपूर और दोनों बेटियों, जाह्नवी और खुशी ने  श्रीदेवी के  पार्थिच शरीर को मुखाग्नि दी।

इससे पहले श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लोखंडवाला स्थित सेलिब्रेशन क्लब में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया था, जहां सिनेमा के कलाकारों और उनके  हजारों प्रशंसकों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

फोटो टीवी से :  सुर्ख लाल रंग की साड़ी में  स्व. श्रीदेवी

अंतिम यात्रा से पहले पद्मश्री से सम्मानित स्व. श्रीदेवी को तिरंगे में लपेटकर राजकीय सम्मान के साथ विदाई दीगई। इस अवसर पर शासकीय बैण्ड ने मातमी धुन बजाकर अंतिम सलामी दी।

अंतिम विदाई से पहले श्रीदेवी काे दुल्हन की तरह सजाया गया था। सुर्ख लाल रंग की साड़ी में सजे श्रीदेवी के शव को देखकर लग रहा था कि जैसे अभी ये चिर निद्रा से जागने वाली हैं।

अंतिम संस्कार के बाद एक चैनल पर श्रीदेवी को याद करते हुए निर्माता निदेशक सुभाष घई ने सही कहा ‘‘ वे अद्भुत प्रतिभाशाली कलाकार थीं।”

याद रहे कि भारतीय सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी (54) की मृत्यु दुबई में 24 फरवरी, 2018, शनिवार की रात जुमेरिया एमिरेट्स टॉवर्स में होटल  के  कमरा नंबर 2201  में बाथटब में गिरजाने से हो गईं थीं।