आईओए प्रमुख रामचंद्रन ओलम्पिक आर्डर से सम्मानित

रियो डी जनेरियो, 22 अगस्त | भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अधयक्ष एन. रामचंद्रन को रविवार को ओलम्पिक अभियान में बेहतरीन योगदान के लिए ओलम्पिक आर्डर से सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के प्रमुख थॉमस बाक ने रामचंद्रन को यह सम्मान प्रदान किया और इसके लिए उन्हें बधाई दी। बाक ने कहा कि यह सम्मान ओलम्पिक आंदोलन मे उनके योगदान का परिचायक है।

साल 1975 से ओलम्पिक आर्डर सम्मान दिया जा रहा है। यह ओलम्पिक आंदोलन का सबसे बड़ा सम्मान है। यह उन लोगों को दिया जाता है, जो इस आंदोलन को आगे ले जाने और खेलों की बेहतरी के लिए काम करते हैं।

रामचंद्रन ने सम्मान हासिल करने के बाद कहा कि वह सम्मानित और गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए गर्व का विषय है। इसके लिए मैं आईओसी प्रमुख थॉमस बाक और आईओसी कार्यकारी बोर्ड का शुक्रगुजार हूं।”