Naidu

नोटबंदी का निर्णय लीक करने के आरोप बेतुके : नायडू

नई दिल्ली, 15 नवंबर | केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने मंगलवार को उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया है कि कुछ लोगों को नोटबंदी के फैसले की जानकारी पहले ही दी गई थी और उन्होंने पहले ही अपने नोट बदल लिए थे। नायडू ने यहां कहा, “अपने लोगों को चुनकर नोटबंदी के फैसले लीक करने का आरोप बेतुका है। किसी भी व्यक्ति को कोई जानकारी नहीं दी गई। इस समूची कवायद के दौरान अत्यंत गोपनीयता बरती गई।”

कुछ विपक्षी नेताओं ने सरकार पर आठ नबंवर को की गई 500 और 1000 रुपये की नोटबंदी की घोषणा की जानकारी खास लोगों को लीक कर देने का आरोप लगाया था।

मंत्री ने कहा, “लोगों को पेश आ रही कठिनाइयां धीरे-धीरे कम हो रही हैं।”

नायडू सूचना व प्रसारण मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बुधवार को शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र का सामना करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि 500 और 1,000 रुपये की नोटबंदी का फैसला अचानक नहीं लिया गया। इसे काफी सोच-विचार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, “यह भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ लड़ाई है। निहित स्वार्थो वाले समाज में दहशत पैदा करने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं।”        –आईएएनएस