कांग्रेस ने गरीबी हटाने का सिर्फ नारा दिया : शिवराज

भोपाल, 12 सितंबर | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का सिर्फ नारा दिया था, मगर गरीबी नहीं हटी। वहीं भाजपा गरीबों के कल्याण के लिए एजेंडा बना रही है, जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन 25 सितंबर को भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में रखा जाएगा। भोपाल में गरीब कल्याण एजेंडा बनाने के लिए गठित की गई समिति की सोमवार को विचार-विमर्श करने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर शिवराज की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने हिस्सा लिया।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज ने संवाददाताओं से कहा कि देश से गरीबी हटाने की बात वर्षो से की जा रही है, कांग्रेस तो गरीबी हटाने का नारा देती रही, मगर गरीबी नहीं हटी। भाजपा ने पंडित दीनदयाल के आदर्शो पर चलते हुए गरीबों के कल्याण के प्रयास किए हैं। इसी दिशा में गरीबों के कल्याण का एजेंडा बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उसी एजेंडे को स्वरूप देने के लिए भोपाल में यह बैठक हुई है। इस बैठक में व्यापक विचार-विमर्श किया गया है। हर गरीब को रोटी, कपड़ा और मकान मिले, साथ ही दवाई, पढ़ाई और कमाई उसके हिस्से में आए, गरीब कल्याण एजेंडे में इस पर जोर दिया जाएगा। इस एजेंडे को पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फिर प्रधानमंत्री के समझ पेश किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं बनने की जिम्मेदारी एक समिति को सौंपी थी और इस समिति का अध्यक्ष मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बनाया गया है। इस समिति की पहली बैठक सोमवार को भोपाल में हुई, जिसमें गरीब कल्याण एजेंडे पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा के मध्यप्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने भी हिस्सा लिया।

इससे पहले, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और उसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। स्टेट हेंगर पर दोनों मुख्यमंत्रियों का प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, नेहरू युवा केंद्र के उपाध्यक्ष वी.डी. शर्मा, भोपाल के महापौर आलोक शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।         –आईएएनएस