मध्यप्रदेश निवेश के लिये आदर्श प्रदेश : शिवराज

भोपाल, 7 सितंबर (जस) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में पूँजी निवेश के लिये बेहतर वातावरण, उद्योग मित्र नीति और अधोसंरचना उपलब्ध है। मध्यप्रदेश निवेश के लिये आदर्श प्रदेश है। मुख्यमंत्री चौहान से मंगलवार को यहाँ मंत्रालय में ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर कुमार अय्यर ने मुलाकात की। इस दौरान डी.एफ.आई.डी के कन्ट्री हेड मार्शल इलियट भी उपस्थित थे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्यप्रदेश देश का सबसे तेजी से विकसित प्रदेश है। मेक इन एम.पी. कार्यक्रम के लिये आगामी अक्टूबर माह में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट आयोजित की जा रही है। डी.एफ.आई.डी के माध्यम से इंग्लेंड प्रदेश में बहुत पहले से कार्य कर रहा है। प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिये होने वाली उनकी इंग्लेंड यात्रा का फोकस स्मार्ट सिटी और स्किल डेवलपमेंट रहेगा। प्रदेश के सात शहर का चयन स्मार्ट सिटी के रूप में किया गया है। प्रदेश के अन्य शहरों को भी स्मार्ट बनाया जायेगा। प्रदेश में अगले तीन वर्ष में नगरीय विकास के क्षेत्र में 75 हजार करोड़ रूपये खर्च होंगे।

चर्चा के दौरान ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अय्यर ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में इंग्लेंड पार्टनर कंट्री रहेगा। इंग्लेंड द्वारा देश में तीन स्मार्ट सिटी के लिये सहयोग किया जा रहा है, उसमें इंदौर शामिल है। स्मार्ट सिटी के अलावा वाटर ट्रीटमेंट और नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग किया जा सकता है। इंग्लेंड के विदेशी पूँजी निवेश का दस प्रतिशत भारत में निवेशित है। उनके देश की औद्योगिक कम्पनियाँ गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत है। ये कंपनियाँ मध्यप्रदेश में आ सकती हैं।