किसानों की आय को दोगुना करने में मध्यप्रदेश बनेगा देश का रोल मॉडल

भोपाल, 14 अप्रैल (जनसमा)। मध्यप्रदेश के किसानों की आय को दोगुना करने का रोडमेप अब देश के अन्य राज्यों की कृषि आय बढ़ाने का पथ प्रदर्शन करेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कृषि आय को दोगुना करने के लिये किये गये कार्यों, नीतियों, प्रावधानों और योजनाओं का नीति आयोग की बैठक में प्रस्तुतिकरण देंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के कृषि क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगति को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को किसानों की आय को दोगुना करने के प्रयासों को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने के लिये कहा है। उन्होंने शिवराज को नीति आयोग की बैठक में कहा कि मध्यप्रदेश में कृषि में हुई प्रगति और भविष्य की कार्य-योजनाओं का प्रस्तुतिकरण दें। प्रदेश के कृषि नवाचारों की जानकारी अन्य राज्यों को भी हो। कृषि आय को दोगुना करने के प्रयासों में उनका मार्गदर्शन होगा।

चौहान ने गुरूवार को मंत्रालय में नीति आयोग में दिये जाने वाले स्व-प्रस्तुतिकरण पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। बताया गया कि कृषि आय दोगुना करने के प्रदेश के प्रयासों के उत्कृष्ट परिणाम मिलने लगे हैं। ये भारत सरकार द्वारा जारी की जाने वाली सूचनाओं में स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की सूचनाओं के आधार पर ही प्रदेश की कृषि क्षेत्र की उपलब्धियाँ प्रस्तुत की जायें। उनको टेम्पलेट के रूप में संयोजित किया जाये। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और उसके उपयोग के संबंध में जानकारी देने के साथ ही विद्युत की उपलब्धता के लिये किये गये कार्यों और सुधारों के बारे में भी बताया जाये।

चौहान ने कहा कि किसानों की साख संबंधी जरूरतों में सरकार की मदद, फसल परिवर्तन के प्रयासों हार्टिकल्चरल, फ्लोरीकल्चर, एग्रो फॉरेस्ट्री के साथ ही फसल राहत, बीमा, समर्थन मूल्य पर खरीदी, गहरी जुताई, यंत्रीकरण के लिये कस्टम हायरिंग सेंटर, किसानों को खेती के जमीन के अधिकतम उपयोग और नई जानकारियों के लिये उनके विदेश भ्रमण प्रयासों की भी जानकारी दी जाये। इसके साथ ही नई योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री खेततीर्थ योजना, कृषि कैबिनेट जैसे संगठनात्मक सुधारों का भी संक्षिप्त परिचय हो।