एमसीडी चुनाव : भाजपा ने लगाई जीत की हैट्रिक

नई दिल्ली, 26 अप्रैल। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर बाजी मारी है। तीनों नगर निगमों पर बीजेपी ने तीसरी बार सत्ता हासिल की है। इस बार के निगम चुनाव के परिणामों को देखा जाए तो आम आदमी पार्टी जिसने पहली बार एमसीडी चुनाव लड़ा और दिल्ली में सरकार होने के बावजूद करारी हार का सामना करना पड़ा। यह अलग बात है कि पार्टी ईवीएम पर हार का ठीकरा फोड़ रही है और आंदोलन की राह पर चलने को तैयार है।

फाइल फोटो : भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी। (आईएएनएस)

प्राप्त समाचारों के अनुसार, 270 में से भाजपा 182 वार्डो में आगे चल रही है। आप 47 वार्डो पर आगे चल रही है और अभी तक पार्टी ने एक ही वार्ड पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस 30 वार्डो में आगे हैं। इनके साथ ही अन्य 11 भी आगे चल रहे हैं। इन रुझानों के साथ यह साफ है कि भाजपा तीनों नगर निगम में कब्जा कर रही है। पार्टी की रणनीति पूरी तरह कामयाब हुई है।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम में भाजपा ने रामनगर और कृष्णनगर वार्ड जीत लिए हैं। दक्षिण दिल्ली नगर निगम में जनकपुरी पश्चिम, जनकपुरी दक्षिण और विष्णु गार्डन वार्ड जीत लिए हैं। वहीं, उत्तर दिल्ली नगर निगम में भाजपा ने रांजेंद्र नगर वार्ड जीत लिया है। उत्तर दिल्ली नगर निगम में आप ने शकूरपुर वार्ड जीत लिया है।

आप को दो साल बाद हार का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वह 54 फीसदी के अंतर से जीती थी, जबकि भाजपा 70 में से सिर्फ तीन सीटें ही जीत पाई थी।

भाजपा ने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आप की हार से पता चलता है कि वह दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि एमसीडी में नई सरकार चार महीनों में ही दिल्ली को स्वच्छ बना देगी।

तिवारी ने कहा, “हम अगले चार महीनों में ही दिल्ली को स्वच्छ बना देंगे। दिल्ली स्वच्छ हो जाएगी और बीमारी से मुक्त होगी।”

गौरतलब है कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हई थी। शुरुआती रुझान से ही बीजेपी ने जो बढ़त बनाई वह लगातार बरकरार रही।