मॉडलों के लिए बॉलीवुड में प्रवेश आसान : रोहित खंडेलवाल

मुंबई, 28 अगस्त | प्रतिष्ठित मिस्टर वर्ल्ड खिताब जीतने वाले पहले भारतीय रोहित खंडेलवाल का सपना बॉलीवुड में प्रवेश करना है। उन्हें लगता है कि फिल्म उद्योग में आना अब आसान हो गया है और इसके लिए वह जॉन अब्राहम और प्रियंका चोपड़ा को धन्यवाद देते हैं। लक्मे फैशन वीक विंटर उत्सव 2016 में डिजाइनर अजय कुमार के लिए रैंप पर चलने वाले रोहित ने इस दौरान आईएएनएस को बताया, “इसके लिए बहुत समय और जुनून की आवश्यकता होती है।”

हैदराबाद के रहने वाले रोहित अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ साल पहले ही मुंबई आए हैं।

उनका कहना है कि वह फिल्में जरूर करना चाहते हैं। ‘जोधा अकबर’ उनके दिल के बहुत करीब है और वह उम्मीद करते हैं कि वह एक दिन अपने पसंदीदा किरदार निभाने का सपना पूरा कर सकेंगे।

रोहित (27) शाहरुख खान, करीना कपूर, संजय लीला भंसाली, करन जौहर, आदित्य चोपड़ा आदि के साथ काम करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “मैं हैदराबाद से आया एक साधारण शख्स था, जिसके पास कोई संपर्क नहीं था, कोई मदद करने वाला नहीं था, लेकिन एक चीज ने मेरी मदद की और वह है खुद पर भरोसा और कड़ी मेहनत करना। मैं यह संदेश सबको देना चाहता हूं। खुद पर भरोसा रखिए और सफल होने के लिए आत्मविश्वास बनाए रखिए।”

फिलहाल मिस्टर वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन के साथ जुड़े रोहित एक उद्देश्य को लेकर खूबसूरती का प्रचार कर रहे हैं।           –आईएएनएस