PM Modi should conduct caste census, don't panic

पीएम मोदी जातिगत जनगणना करवाएं, घबराएं नहीं

गुमला (झारखंड), 06 फरवरी। झारखंड के गुमला जिले में भारत जोडो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि पीएम मोदी जातिगत जनगणना करवाएं, घबराएं नहीं।

उन्होंने कहा कि PM मोदी अपने आपको OBC कहते हैं। लेकिन फिर कंफ्यूज हुए और कहने लगे कि देश में सिर्फ दो जातियां हैं- अमीर और गरीब। इसलिए पहले वे तय कर लें कि हिंदुस्तान में जातियां हैं या नहीं हैं।

राहुल ने कहा कि देश में करीब 8% आदिवासी, 15% दलित, 50% OBC वर्ग के लोग हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि जातिगत जनगणना हो। किसकी कितनी आबादी है, ये सभी को पता चले। PM मोदी जातिगत जनगणना करवाएं, घबराएं नहीं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पूरे देश में ED, CBI, IT जैसी एजेंसियां विपक्ष पर आक्रमण कर रही हैं। इन एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। BJP ने झारखंड में सरकार गिराने की कोशिश की, लेकिन हमने ये होने नहीं दिया। मगर सच्चाई यही है कि BJP चुनाव आयोग, एजेंसी, नौकरशाही और पुलिस सबका दुरुपयोग कर रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा हम आजादी के लिए लड़े, देश को हरित क्रांति और सफेद क्रांति दी। हमने शिक्षा व्यवस्था खड़ी की और टेलीकॉम क्रांति लेकर आए। इसी तरह हम देश में दिख रही एक और कमी को ठीक करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के साथ अन्याय हो रहा है। जातिगत जनगणना इस अन्याय के खिलाफ पहला कदम है।

राहुल का आरोप है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के साथ अन्याय किया जा रहा है। हम इस यात्रा में आदिवासियों, किसानों और गरीबों से मिले और उनसे बात की। मैं जल्द ही झारखंड के मुख्यमंत्री जी के साथ इस विषय पर चर्चा करूंगा।

राहुल ने जानकारी दी कि तेलंगाना में जातिगत जनगणना पर काम शुरू हो चुका है। जहां भी हमारी सरकार है, हम जातिगत जनगणना कर रहे हैं। इसी के साथ आरक्षण में जो 50% की लिमिट लगी है, हम उसे खत्म कर देंगे। हम दलित और आदिवासियों के आरक्षण की रक्षा करते हुए, पिछड़े वर्ग को आरक्षण देंगे।

ओडिशा में प्रवेश

आज ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ भगवान बिरसा मुंडा जी की भूमि झारखंड से ओडिशा में प्रवेश कर रही है। इस मौके पर झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष शरत पटनायक को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा। अन्याय के खिलाफ जारी न्याय की इस महायात्रा को कोई भी शक्ति नहीं रोक सकती।