priyanka

प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट का बंगला खाली करने का आदेश

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सरकार ने लोधी एस्टेट स्थित सरकारी बंगले को खाली करने का नोटिस दे दिया है। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी नोटिस के मुताबिक प्रियंका को सरकारी बंगला एक महीने में यानी एक अगस्त तक खाली करना होगा। कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सापरा ने कहा कि मोदी सरकार बदले की भावना से इस तरह के निर्णय ले रही है।

File photo Priyanka Gandhi

मंत्रालय की तरफ से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रियंका गांधी की एसपीजी और जेड प्लस सुरक्षा हटने के बाद से वे दिल्ली स्थित लोधी एस्टेट स्थित 6बी टाइप के बंगला संख्या 35 में रहने के लिए पात्र नहीं हैं। इसी आधार पर सरकार ने प्रियंका को मिले सरकारी बंगले की सुविधा रद्द कर दी है। प्रियंका अभी तक इसी में रह रही थीं। नोटिस में यह भी कहा गया है कि अगर प्रियंका गांधी निर्धारित समय सीमा यानी एक अगस्त तक बंगले को खाली नहीं करती हैं तो उन्हें जुर्माना देना होगा।

उल्लेखनीय है कि प्रियंका गांधी, उनकी मां और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दी गई एसपीजी सुरक्षा पिछले साल नवम्बर महीने में वापस ले ली गई थी। 21 फरवरी,1997 को प्रियंका गांधी को ये बंगला आवंटित हुआ था, तब से वो यहीं रह रही थीं।