snow

बारिश, कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

देश के कई राज्यों में बारिश, कड़ाके की ठंड और बर्फबारी ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुद्धवार को पंजाब और ओडिशा के तटीय क्षेत्र के कई इलाकों में अति घने कोहरे की संभावना है।

बुधवार को कुंभ मेले के दौरान प्रयागराज में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

हरियाणा, चंडीगढ़,दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में अलग.अलग इलाकों में भी घना कोहरा होगा।

बंगाल की खाड़ी और हिन्द महासागर क्षेत्र में 60 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समंदर में न जाएं।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ताजा हिमपात के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके ठंड हाड़ तोड़ हो गई है।

मंगलवार को पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के पश्चिमी इलाके में तापमान माइनस1.6 डिग्री से माइनस 3 डिग्री दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रहा है।

जम्मू और कश्मीर में मंगलवार को भी हिमपात हुआ और बारिश ने कई सड़कों को बंद कर दिया।

जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग दूसरे दिन भी भूस्खलन और बर्फबारी के कारण बंद है।

हिमस्खलन के बाद जवाहर.सुरंग क्षेत्र में भी राजमार्ग बंद किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात से हो रही भारी बर्फबारी और बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

शिमला में भारी हिमपात के कारण कई स्थानों पर शहर के भीतरी मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।

नारकण्डा में भी भारी बर्फबारी हो रही है।

खराब मौसम के कारण उत्तराखंड में कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई जबकि राजधानी देहरादून सहित निचले इलाकों में बारिश हुई।

पिछले 24 घंटों के दौरान गढ़वाल क्षेत्र के चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिले में उच्च इलाकों में हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद दूरदराज के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से जुड़ी कई सड़कें प्रभावित हुई हैं।

गुजरात में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान कच्छ और सौराष्ट्र के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश हुई।