Gehlot

किसानों की समस्याओं का समाधान और युवाओं को रोजगार सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सुशासन ही हमारी सरकार का मूलमंत्र है। संवेदनशील, पारदर्शी, जवाबदेह एवं कुशल प्रशासन के साथ ही गवर्नेंस विद ह्यूमन फेस हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गहलोत ने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए जमीनी स्तर से पर काम किया जाए ताकि आम जन एवं अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गहलोत गुरूवार को मुख्यमंत्री कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हमने जनभावनाओं के आधार पर चुनावी घोषणा पत्र तैयार किया है। इसमें लोगों से किए वादे पूरे करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना को और बेहतर बनाने के प्रयास करें ताकि किसानों को इसका वास्तविक रूप में लाभ मिल सके। उन्होंने खाद, बीज, कीटनाशक आदि की गुणवत्ता एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने सिंचाई एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया।