रीता बहुगुणा भाजपा में, कहा, राहुल गांधी को जनता ने ठुकरा दिया है

रीता बहुगुणा भाजपा में, कहा, राहुल गांधी को जनता ने ठुकरा दिया है

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (जस)। उत्तर प्रदेश की प्रमुख कांग्रेस नेता रीता बहुगुणा जोशी गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई हैं। यह फैसला उन्होंने कांग्रेस द्वारा ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की आलोचना करने, कांग्रेस पार्टी को पी.के. (प्रशांत किशोर) को ठेके पर दे देने, राहुल गांधी को जनता द्वारा ठुकरा देने और उत्तर प्रदेश को बदहाली से उबारने के लिए लिया है।

रीता बहुगुणा जोशी लखनऊ कैंट से कांग्रेस पार्टी की विधायक हैं। उन्होंने विधायक पद से भी इस्तीफा देने की घोषणा की है।

भाजपा की सदस्यता स्वीकार करने के बाद उन्होंने एक तरह से राहुल गांधी का जमकर बैण्ड बजाया। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी के नेतृत्व को उत्तर प्रदेश की जनता ने ही नहीं, देश की जनता ने भी स्वीकार नहीं किया है।’’

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन निष्क्रिय है। प्रशांत किशोर को पोल मैनेजर से डायरेक्टर बना दिया गया है।

रीता बहुगुणा जोशी इतिहास की विद्वान और भूतपूर्व मुख्यमंत्री और जननेता हेमवती नंदन बहुगुणा की सुपुत्री हैं। वे 27 साल से राजनीति में हैं और 24 साल से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई थीं।

उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की न केवल प्रशंसा की बल्कि कहा कि आतंकवाद से लड़ने में नरेन्द्र मोदी जी ने जो कदम उठाया है उसकी पूरी दुनिया ने प्रशंसा की है।

जोशी ने कहा कि परिणाम अच्छा हुआ है और जो सफलता हासिल की है, वह सेना के शौर्य की ही नहीं बल्कि केन्द्र सरकार की बड़ी उपलब्धि है और विश्व ने उसे स्वीकार किया है।

रीता बहुगुणा ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाये उससे मैं ही नहीं पूरा देश क्षुब्ध है और मैं इस बात से बहुत दुखी हूं और ट्वीटर पर भी मैंने अपनी बात स्पष्ट की है। राष्ट्रहित से ऊपर कोई हित नहीं है। मोदी जी आतंकवाद से लड़ने और पाकिस्तान के मंसूबों को परास्त करने के लिए जो भी कदम उठा रहे हैं उसे देश का समर्थन चाहिए, विवाद नहीं।

उन्होंने कहा कि मैं अमित शाह जी से बहुत प्रभावित हूं और पिछले कुछ दिनों पहले ही मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। वह वास्तव में चाहते हैं कि भारत तरक्की करे।

रीता बहुगुणा ने कहा कि मैं अब भाजपा की अनुशासित सिपाही हूँ और पार्टी जो भी अवसर देगी, वह काम मैं करूँगी।

(टेलीविजन फोटो)