Sanskrit

संस्कृत ‘समाचार वाचन’ प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल आर.के. पुरम को पहला स्थान

 

नई दिल्ली, 06 मई (जनसमा)। दिल्ली के स्कूलों के लिए संस्कृत भाषा में ‘समाचार वाचन’ की प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल आर.के. पुरम के छात्र को पहला स्थान मिला। दूसरा स्थान रामजस स्कूल, पूसा रोड और तीसरा स्थान बाल भारती पब्लिक स्कूल,द्वारका के छात्रों को मिला।

‘‘सम्प्रति वार्ताः’’ नाम से संस्कृत समाचार वाचन की यह प्रतियोगिता स्कूलों के छात्र-छात्राओं में संस्कृत भाषा को लोकप्रिय बनाने और संस्कृत भाषा में रुचि जागृत करने के उद्देश्य से बाल भारती पब्लिक स्कूल, न्यू राजेन्द्र नगर, नई दिल्ली में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में दिल्ली के 12 स्कूलों के 60 छात्रों ने भाग लिया।

इस प्रतियोगिता के  निर्णायक मण्डल में डॉ. सुनीता गेहानी एवं श्रीमती पूनम शर्मा थीं।  इस अवसर पर निर्णायक सुनीता गेहानी  ने कहा कि आज संस्कृत भाषा वैश्विक भाषा का रूप लेती जा रही है और संस्कृत भाषा के संवर्धन और अनुसंधान के लिए नवयुवकों को और अधिक जागृत करने की जरूरत है। प्रतियोगिता का प्रारम्भ  मां सरस्वती की वन्दना , चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।  कार्यक्रम  की संकल्पना डॉ. ज्योत्स्ना श्रीवास्तव एवं युवराज भट्टराई की थी।
स्कूलों में आयोजित होने वाली संस्कृत की पारम्परिक प्रतियोगितायों से हट कर संस्कृत को आधुनिकता से जोड़ने की दृष्टि से यह कार्यक्रम अत्यन्त उपयुक्त रहा।
प्रतियोगिता में विजयी रहे प्रतिभागियों को  विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।