शिवराज ने बच्चों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार किया

भोपाल, 12 जनवरी| मध्य प्रदेश में स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर पूरे प्रदेश में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी के स्थानीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। शिवराज ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने यह सिखाया था कि जीवन व्यर्थ बिताने के लिए नहीं, बल्कि महान कार्य करने के लिए है।

उन्होंने युवाओं का आान किया कि वे खूब खेलें, स्वस्थ रहें और पढ़ाई करें। उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सूर्य नमस्कार के लाभ बताते हुए कहा कि यह योग क्रियाओं का मिश्रण है। भारतीय ऋषियों ने वषों के ज्ञान और चिंतन के बाद सूर्य नमस्कार को मानव समाज के सामने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह और स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम में भाग लिया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण का पाठ विद्यार्थियों को सुनाया गया।

राज्य के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणायाम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।   –आईएएनएस