पंजाब,गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी

नई दिल्ली, 12 जनवरी | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार फरवरी को होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 17 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। भाजपा ने सुजानपुर से मौजूदा विधायक दिनेश सिंह बब्बू, भोआ (अनुसूचित जाति) से सीमा कुमारी, पठानकोट से अश्वनी शर्मा, उत्तरी जालंधर से के.डी. भंडारी और दसुया से सुखजीत कौर को चुनाव मैदान में उतारा है।

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने अन्य उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने दीनानगर (अनुसूचित जाति) से वी.डी. धुपद, अमृतसर से राकेश गिल, मध्य अमृतसर से तरुण चुघ, पूर्वी अमृतसर से राजेश हनी और मुकेरियां से अरुणेश शकर को अपना उम्मीदवार बनाया है।

इनके अलावा होशियारपुर, मध्य लुधियाना, पश्चिमी लुधियाना, उत्तरी लुधियाना, फिरोजपुर शहर, अबोहर और राजपुरा से भी भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार फरवरी को होने जा रहे गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भी 29 उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार को जारी कर दी। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने पार्टी की केंद्रीय समिति की एक बैठक के बाद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

भाजपा ने मंदरेम से मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत यशवंत पारसेकर, पेरनेम (अनुसूचित जाति) से राजेंद्र विश्वाथ अर्लेकर, थिविम से किरण कांदोलकर, मापुसा से फ्रांसिस डिसूजा, सियोलिम से दयानंद रायु मांडरेकर, सलिगाओ से दिलीप द्नयनेश्वर पारुलेकर और कलांग्यूत से माइकल वी. लोबो को उतारा है।

निवर्तमान विधायक सेंट आंद्रे विष्णु वाघ जिन्हें पिछले साल अस्पताल में भर्ती किया गया था, उनके भाई रामराव वाघ को उसी विधानसभा सीट से उतारा गया है।

इसके अलावा भाजपा ने अल्दोना से ग्लेन सूजा टिक्लो, पणजी से सिद्धार्थ श्रीपद कुणकलियेंकर, संक्वे लिम से पांडुरंग सावंत, सिरोदा से महादेव नारायण नाईक और मोरमुगाओ से मिलिंद सगुन नाईक को उतारा है।

हालांकि इन 29 उम्मीदवारों की सूची में मायेम और कानाकोना सीट के उम्मीदवार शामिल नहीं हैं, जिन्हें लेकर मौजूदा विधायकों क्रमश: अनंत शेत और रमेश तावड़कर के बीच खींचातानी चल रही थी।

गोवा विधानसभा चुनाव का परिणाम 11 मार्च को घोषित किया जाएगा।

–आईएएनएस