मणिपुर में भाजपा की सरकार बनने की संभावना

इंफाल, 13 मार्च | मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला राज्य में सरकार बनाने के लिए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आमंत्रित कर सकती हैं। 60 विधानसभा सीटों वाले मणिपुर राज्य में भाजपा को 32 विधायकों का समर्थन मिल रहा है। भाजपा ने रविवार को राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया।

उपमुख्यमंत्री गायखंगम गंगमेई ने कहा, “सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते कांग्रेस को सरकार बनाने का पहला मौका दिया जाना चाहिए।” लेकिन, भाजपा के महासचिव राम माधव, प्रह्लाद सिंह पटेल और असम के वित्त मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि भाजपा को 32 विधायकों का समर्थन हासिल है।

भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 21 सीटें हासिल की है। वहीं नागा पीपुल्स फ्रंट और नेशनल पीपल्स फ्रंट के चार-चार विधायकों तथा एआईटीसी, लोजपा के एक-एक और एक निर्दलीय विधायक का भाजपा को समर्थन मिला है।

मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह को एनपीपी के चार विधायकों के समर्थन की उम्मीद थी। हालांकि एनपीपी सदस्य रविवार को राज भवन में उपस्थित थे और उन्होंने कहा कि वह भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।

–आईएएनएस