The sixth phase of the Lok Sabha elections in 2024 saw a 59% turnout

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 59% मतदान दर्ज किया गया

नई दिल्ली, 25 मई। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के लिए आज शनिवार शाम मतदान संपन्न हो गया। कुल मिलाकर शाम पांच बजे तक करीब 58 प्रतिशत मतदान हुआ।

इस चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 58 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हुआ। इनमें उत्तर प्रदेश की 14 सीटें, हरियाणा की सभी 10 सीटें, बिहार और पश्चिम बंगाल की 8-8 सीटें, दिल्ली की सभी 7 सीटें, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की एक संसदीय सीट शामिल है।

छठे चरण में कुल 889 उम्मीदवार मैदान में थे । जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो गई, उनमें संबलपुर से वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान, सुल्तानपुर से मेनका गांधी, कुरूक्षेत्र से नवीन जिंदल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी और तामलुक से अभिजीत गांगुली शामिल हैं।

कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेताओं में रोहतक से दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा से कुमारी शैलजा और गुड़गांव से राज बब्बर शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव ने आज़मगढ़ से और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने अनंतनाग-राजौरी सीट से चुनाव लड़ा।

छठे चरण में 1.14 लाख मतदान केंद्रों पर 11 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान करने के पात्र थे। चुनाव आयोग ने सुचारू और परेशानी मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की थी।

ओडिशा विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 42 सीटों पर मतदान हुआ। इसके अलावा, हरियाणा की करनाल सीट और उत्तर प्रदेश की गैंसारी सीट पर भी विधानसभा उपचुनाव हुए।