bharatband

भारत बंद के दौरान देश के अनेक भागों में हिंसा और तोड़फोड़

इक्कीस विपक्षी राजनीतिक दलों द्वारा सोमवार को आहूत भारत बंद के दौरान देश के अनेक भागों में हिंसा और तोड़फोड़ की गई।

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और विपक्ष के इस हिंसक आंदोलन की निंदा की। भाजपा ने हिंसा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल पूछा।

नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में संकट के चलते पेट्रोल और डीजल की कीमतें ज्यादा हैं।

केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि हिंसा के कारण और बंद की स्थिति को देखते हुए एक 2 साल की बच्ची के बिना इलाज के मौत हो गई।

उन्होंने कहा सरकार लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए बहुत मेहनत कर रही है।

भारत बंद फोटो एआइआर के ट्विटर अकांउट से साभार

प्रसाद ने कहा कि सरकार ने मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए हैं।

कांग्रेस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और अगरतला से अलंग तक देश के हर कोने में भारत बंद ने एक जन आंदोलन की शक्ल ले ली।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विरोध सभा में विपक्षी दलों के सभी प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। इनमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शरद पवार, डॉक्टर मनमोहन सिंह, शरद यादव जैसे अनेक नेता शामिल थे। इन सभी नेताओं ने मोदी सरकार की नीतियों की निंदा की।

कांग्रेस ने कहा  कि मई 2016 से आज तक मोदी सरकार ने केंद्रीय एक्साइज ड्यूटी 12 बार बढ़ाई है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार 29 देशों को सस्ता तेल बेच रही है किंतु देशवासियों के लिए इस की कीमतें आसमान छू रही है।