उज्जैन सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आवास और ट्रांसपोर्ट की अनेक व्यवस्थाएं

उज्जैन, 22 अप्रैल (जनसमा)। राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा सिंहस्थ को दृष्टिगत रखते हुए होटल क्षिप्रा एवं होटल अवंतिका के उन्नयन एवं विस्तार कार्य के अंतर्गत होटल क्षिप्रा के 28 कक्ष के उन्नयन एवं 20 कक्षों का विस्तार किया गया है। इसी प्रकार होटल अवंतिका में 12 कक्ष तथा 2 डोरमेट्री (32 बिस्तरीय) के उन्नयन एवं 6 नए कक्ष के निर्माण सहित 8 बिस्तरीय 2 डोरमेट्री के निर्माण का काम पूरा किया गया है, जिनकी लागत लगभग 6 करोड़ है।

निगम द्वारा उज्जयिनी होटल का निर्माण लगभग 9 करोड़ की लागत से किया गया है। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में इसका लोकार्पण किया था। सिंहस्थ को दृष्टिगत रखकर पर्यटन विकास निगम द्वारा उज्जैन में एक मुख्य मीडिया सेंटर एवं एक वृहद मीडिया सेंटर सहित कुल 14 उप मीडिया सेंटर एवं 2 सेटेलाइट टाउन स्थापित किये गये हैं। इन पर लगभग 7 करोड़ रूपये की लागत आई है। मुख्य मीडिया सेंटर दत्त अखाड़ा जोन में तथा वृहद मीडिया सेंटर मंगलनाथ जोन में स्थापित किया गया है।
सिंहस्थ-2016 का पहला शाही स्नान 22 अप्रैल को होगा। शाही स्नान के लिये सभी व्यवस्था चाक-चौबंद की गयी हैं। घाटों के साथ अखाड़ों के आगे-पीछे सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और पेरा-मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। शाही स्नान के लिये सभी अखाड़ों के स्नान के क्रम और घाटों पर आने-जाने के मार्ग निर्धारित किये गये हैं।

मेला क्षेत्र में 400 सिटी-बस और 1000 टाटा मैजिक

सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को सेटेलाइट टाउन से शहर एवं मेला क्षेत्र में तय स्थानों पर एक से 2 मिनट में सिटी-बस या टाटा मैजिक वाहन सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिये एआईसीटीएल के सहयोग से परिवहन विभाग ने 400 सिटी-बस और 1000 टाटा मैजिक वाहन की व्यवस्था की है। प्रभारी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने वाहन व्यवस्था का शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि श्रद्धालु मात्र 10 रुपये में मेला क्षेत्र में एक स्थान से दूसरे स्थान जा सकेंगे।