कुछ देशों ने रियो में पहली बार चखा सोने का स्वाद

रियो डी जनेरियो, 23 अगस्त | ब्राजील की मेजबानी में खेले गए 31वें ओलम्पिक खेलों का रविवार को समापन हो गया। इन खेलों में कई देश उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने से निराश लौटे तो कई पहले से बेहतर प्रदर्शन के साथ मुस्कुराते हुए स्वदेश रवाना हुए। पदकों की इस दौड़ के बीच कुछ देश ऐसे थे जिन्होंने पहली बार स्वर्ण हासिल किया और कुछ ऐसे जिन्होंने ओलम्पिक में खाता स्वर्ण पर काबू कर खोला। अमेरिका, रूस, चीन ग्रेट ब्रिटेन जैसे देशों के लिए स्वर्ण जीतना बेहद आम बात है, लेकिन कुछ देशों के लिए ओलम्पिक में स्वर्ण जिंदगी भर की कमाई के बराबर है।

केन्या को छोड़ कर बहरीन के लिए खेलने वाली धावक रूथ जेबेट ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा में बहरीन को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। बहरीन का यह नौवां ओलम्पिक था, लेकिन जेबेट से पहले कोई भी उसे सोने का तमगा नहीं दिला पाया था। बहरीन पदक तालिका में 48वें स्थान पर रहा। उसे एक कांस्य पदक भी मिला।

रग्बी-7 में फिजी ने अपना पहला पहला पदक हासिल किया और वह भी स्वर्ण। फिजी पदकतालिका में 54वें स्थान पर रहा।

विश्व भर में शरणार्थियों की समस्या को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने शरणार्थियों की एक टीम इस ओलम्पिक में उतारी थी। अपने पहले ओलम्पिक में ही यह टीम पहला स्वर्ण पदक हासिल करने में कामयाब रही। आईओए नाम से बनी यह टीम पदक तालिका में 51वें स्थान पर रही।

आइवरी कोस्ट ने इस बार स्वर्ण पदक के अपने सपने को पूरा किया। ताईक्वांडों में चेक सलाह जूनियर 14वें ओलम्पिक में अपने देश को पहल स्वर्ण पदक दिलाया। यह टीम भी 51वें स्थान पर रही।

एहमद अबुघोष ने जोर्डन के स्वर्ण पदक के सपने को आखिरकार पूर कर दिया। उन्होंने ताईक्वांडो में 68 किलोग्राम भारवर्ग में अपने देश को पदक दिलाया। यह जोर्डन का 10वां ओलम्पिक था।

सर्बिया से आजाद हुआ कोसोवा आठ खिलाड़ियों के साथ पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा ले रहा था और उसने अपना खाता स्वर्ण पदक हासिल कर खोला। मजलिंदा केलमेन्डी ने महिलाओं की 52 किलोग्राम भारवर्ग जूडो स्पर्धा में अपने देश को स्वर्ण पदक दिलाया।

प्युटरे रिको की महिला टेनिस खिलाड़ी मोनिका पुइग ने महिला टेनिस एकल स्पर्धा के फाइनल में विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जर्मनी की एंजेलिका केर्बर को मात देकर अपने देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इस देश का यह 18वां ओलम्पिक था। इस स्वर्ण के साथ यह देश पदकतालिका में 54वें स्थान पर रहा।

सिंगापुर के पुरुष तैराक जोसेफ स्कूलिंग ने 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में अमेरिका के दिग्गज तैराक माइकल फेल्प्स को हारकर स्वर्ण हासिल किया और पहली बार देश को स्वर्ण दिलाया। इस स्वर्ण को जीतने में सिंगापुर को 16 ओलम्पिक का सफर तय करना पड़ा।

छठीं बार ओलम्पिक में उतरा तजाकिस्तान भी आखिरकार स्वर्ण जीतने में कामयाब रहा। उसे पुरुष हैमर थ्रो स्पर्धा में दिलशोद नाजारोव ने पहला स्वर्ण दिलाया।

10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण जीत वियतनाम के होंग जुआन विंग ने अपने देश के लिए पहला स्वर्ण हासिल किया। यह इस देश का 15वां ओलम्पिक था।

–आईएएनएस