छत्तीसगढ़: 1153 नवीन ग्राम पंचायतों को राशन दुकानें आवंटित

रायपुर, 02 जनवरी। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2015 में नवगठित एक हजार 221 ग्राम पंचायतों में से अब तक एक हजार 153 ग्राम पंचायतों को राशन दुकान आवंटित कर दी गयी हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राशन कार्ड धारकों को सुगमता से राशन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए उचित मूल्य दुकानों का विस्तार किया जा रहा है।

राज्य के नवगठित पंचायत मुख्यालयों में प्राथमिकता से राशन दुकानें खोली जा रही हैं। आज की स्थिति में 1153 नये पंचायतों को दुकानें आवंटित हो गयी हैं। शेष 68 ग्राम पंचायतों को दुकान आवंटन प्रक्रिया में है।

अब तक बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को 112 दुकानें, राजनांदगांव जिले को 104 दुकानें, बिलासपुर जिले को 82 दुकानें, बलराम-रामानुजगंज जिले को 75 दुकानें, कबीरधाम जिले को 74 दुकानें, रायगढ़ जिले को 69 दुकानें और महासमुंद जिले को 54 दुकानें आवंटित की गयी हैं।

जांजगीर-चाम्पा जिले को 52 दुकानें, मुंगेली जिले को 49 दुकानें, सरगुजा जिले को 47 दुकानें, कोरिया जिले को 44 दुकानें, कोण्डागांव जिले को 43 दुकानें, बेमेतरा जिले को 41 दुकानें, उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले को 39 दुकानें, बस्तर और कोरबा जिले को 38-38 दुकानें, सूरजपुर जिले को 32 दुकानें, बालोद जिले के 28 दुकानें, गरियाबंद जिले को 26 दुकानें, रायपुर एवं नारायणपुर जिले को 25-25 दुकानें, धमतरी जिले के 20 दुकानें, बीजापुर जिले को 12 दुकानें, जशपुर जिले को 10 दुकानें और दुर्ग एवं दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले को सात-सात राशन दुकानें आवंटित की गयी हैं। इन्हें मिलाकर छत्तीसगढ़ में राशन दुकानों की कुल संख्या 12 हजार 243 हो गयी है।