दुष्कर्म के आरोपी सपा नेता प्रजापति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

लखनऊ, 15 मार्च | उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) की निवर्तमान सरकार के मंत्री गायत्री प्रजापति को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य की पुलिस ने उन्हें लखनऊ से गिरफ्तार किया। उन्हें फिलहाल 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रजापति के खिलाफ इस साल फरवरी में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कराया गया था। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाने वाले प्रजापति 27 फरवरी से ही फरार थे। उन्हें बुधवार को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया।

सूत्रों के अनुसार, प्रजापति को गिरफ्तारी के बाद बयान दर्ज कराने के लिए आलमबाग पुलिस थाने ले जाया गया।

पुलिस इस मामले में अमरेंदर सिंह उर्फ पिंटू, रूपेश तथा विकास वर्मा, चंद्रपाल, राजस्व अधिकारी अशोक तिवारी, आशीष शुक्ला सहित अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। प्रजापति के दोनों बेटों को भी मंगलवार को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद सपा नेता पर दबाव बढ़ गया था।

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने बताया कि प्रजापति के ठिकाने की लगातार तलाश की जा रही थी। वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे।

प्रजापति इस साल अमेठी से विधानसभा चुनाव हार गए, जबकि 2012 में उन्हें यहां से जीत मिली थी।

सर्वोच्च न्यायालय ने फरवरी में राज्य पुलिस को प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।

सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने मंत्री के समर्थकों पर दिल्ली के एक अस्पताल में उन्हें तथा उनकी बेटी को डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया है।   –आईएएनएस