ब्रिक्स’ देशों के पर्यटन मंत्रियों का दो दिवसीय समिट खजुराहो में

भोपाल,28 अगस्त। ब्रिक्स’ देशों के पर्यटन मंत्रियों का दो दिवसीय “BRICS Convention on Tourism” समिट मध्यप्रदेश में होने जा रहा है। भारत सहित ब्राजील, रूस, चीन एवं दक्षिण अफ्रीका के पर्यटन मंत्री सहित वहाँ के शिष्टमंडल हिस्सा लेंगे। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के तत्वावधान में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में होने जा रहे समिट का शुभारंभ गुरूवार 1 सितम्बर, 2016 को होगा। समिट में दोनों दिन पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर सार्थक विमर्श, प्रेजेंटेशन और समूह चर्चा होगी।

समिट में केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा एवं प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा एवं राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष  तपन भौमिक मौजूद रहेंगे। केन्द्रीय पर्यटन सचिव  विनोद जुत्शी स्वागत भाषण देंगे। प्रदेश के पर्यटन सचिव हरि रंजन राव अपना प्रेजेंटेशन देंगे।

फोटो सौजन्य:मध्य प्रदेश पर्यटन

समिट में पहले दिन पर्यटन मंत्रालय द्वारा ‘अतुल्य भारत’ पर केन्द्रित मध्यप्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार राज्य का प्रेजेंटेशन होगा। इसी दिन ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों तथा इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स(IATO) द्वारा प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। समिट की प्रथम संध्या पर्यटन मंत्रालय द्वारा उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्र के सहयोग से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। समिट स्थल पर हस्त-कला, शिल्प एवं हेण्डलूम वस्त्र आदि प्रदर्शित किये जायेंगे। समिट में दूसरे दिन इंडियन ट्रेवल ट्रेड एवं उनकी सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ ब्रिक्स देशों की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बाद में ब्रिक्स देशों द्वारा अंतर्क्षेत्रीय पर्यटन संवर्धन पर समूह चर्चा की जाएगी। इसी दिन ‘पर्यटन के क्षेत्र में बदलाव के लिये तकनीक एवं नवाचार’ को अपनाए जाने पर चर्चा होगी। अतिथियों के लिये दूसरे दिन की संध्या लाइट एंड साउंड शो भी होगा।