महानदी के पानी पर किसी भी तरह का विवाद अनावश्यक : रमन

रायपुर, 17 सितंबर (जस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि महानदी पर छत्तीसगढ़ में निर्मित सभी जल परियोजनाएं केन्द्र सरकार के निर्धारित मापदंडो और नियमों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पूरी पारदर्शिता के साथ अपनी जल परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है और इससे ओडिशा का हित प्रभावित नहीं होता है। उन्होंने कहा कि महानदी के पानी पर किसी भी तरह का विवाद अनावश्यक है। केन्द्र सरकार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा राज्य की त्रिपक्षीय बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने तथ्यात्मक प्रस्तुतिकरण से महानदी के संबंध में व्याप्त सभी आशंकाओं का समाधान किया।

बैठक की अध्यक्षता केन्द्रीय जल संसाधन और नदी विकास मंत्री सुश्री उमा भारती ने की। बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और छत्तीसगढ़ के जल संसाधन  मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और मुख्य सचिव विवेक ढांड भी उपस्थित थे।

बैठक में छत्तीसगढ़ ने केन्द्रीय जल आयोग की संयुक्त समिति द्वारा एक सप्ताह में छत्तीसगढ़ और ओडिशा की जल परियोजनाओं की प्राथमिक समीक्षा के केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री सुश्री उमा भारती के प्रस्ताव को सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महानदी पर वह हर तरह की बातचीत और विचार विमर्श के लिए हमेशा तैयार है और बातचीत से ही इस विषय का समाधान निकलेगा। उन्होंने ओडिशा के सामने दोनो राज्यों का एक कंट्रोल बोर्ड बनाने का प्रस्ताव भी रखा और कहा कि इससे भविष्य के सभी परियोजनाओं के लिए भी आपसी सामजंस्य की राह बनेगी।  महानदी के बहाव को मापने के लिए छत्तीसगढ़ की सीमा पर गाज़ स्टेशन लगाने के मुख्यमंत्री  डॉ रमन सिंह के प्रस्ताव को सीडब्लूसी ने अपनी मंजूरी दे दी है।