जंगलराज

राजद के सत्ता में आते ही बिहार में जंगलराज शुरू

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि चोर दरवाजे से राजद के सत्ता में आते ही बिहार में जंगलराज शुरू हो गया है।

नड्डा ने कहा कि बिहार की जनता को आगाह किया था कि अगर बिहार में गलती से भी राजद की सरकार आई तो बिहार एक बार फिर जंगलराज की ओर चला जाएगा।

जदयू और राजद गठबंधन पर बरसते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा बिहार की सरकार में राजद के आते ही हत्या, लूट, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध में बेतहाशा वृद्धि हुई है। बिहार की क़ानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। प्रशासन लाचार हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 3 जनवरी, 2023 को पारू हाई स्कूल, वैशाली लोक सभा (मुजफ्फरपुर जिला, बिहार) में आयोजित विशाल जन सभा को संबोधित किया।

नड्डा ने बिहार की जनता से भ्रष्टाचारी महाठगबंधन वाली सरकार को उखाड़ फेंक कर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन वाली विकासोन्मुखी सरकार बनाने का आह्वान किया।

नड्डा ने कहा कि पता ही नहीं चल रहा कि सुशासन बाबू की सरकार में शासन कौन कर रहा है?

बिहार में किसका शासन है और कौन-सा सुशासन? प्रशासनिक कार्य ठप्प-से हो गए हैं। जब तक बिहार में जंगलराज रहेगा, तब तक बिहार भ्रष्टाचार से जूझता रहेगा, तब तक बिहार के विकास में गतिरोध उत्पन्न होता रहेगा।

नड्डा ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोविड और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण आर्थिक महासंकट से जूझ रही है, उस विपरीत परिस्थिति में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं।

मोदी के 8 साल के ही नेतृत्व में भारत, ब्रिटेन को पछाड़ कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन गई है। चीन और अमेरिका अब भी कोरोना से जूझ रहे हैं जबकि हमें कोरोना पर लगभग-लगभग काबू पा लिया है।