शहरों के विकास पर मध्यप्रदेश खर्च करेगा 75 हजार करोड रूपये

शहरों के विकास पर मध्यप्रदेश खर्च करेगा 75 हजार करोड रूपये

भोपाल, 27 सितंबर। मध्यप्रदेश अगले तीन साल में शहरों के विकास पर 75 हजार करोड़ रूपये खर्च करेगा ताकि बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों का भी समान रूप से विकास हो। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लंदन में सोमवार को स्मार्ट सिटी विकास में रूचि रखने वाले निवेशकों और विशेषज्ञों को यह जानकारी देते हुए ब्रिटेन से स्मार्ट सिटी के विकास में सहयोग देने का आग्रह किया।

फोटो : शिवराज सिंह चौहान ने लंदन में प्रमुख उद्योग समूहों से वन-टू-वन चर्चा की

शिवराज ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रिटेन के पास उपलब्ध स्मार्ट सिटी विकास और प्रबंधन की विशेषता और आधुनिक टेक्नालॉजी का सहयोग मध्यप्रदेश को मिलेगा, तो विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने कहाकि हम ब्रिटेन की विशेषज्ञता का सहयोग लेकर मध्यप्रदेश को विकसित बनाना चाहते हैं।

चौहान ने कहा कि ब्रिटेन और भारत के संबंध और मजबूत बनें। निवेश के मामले में भी एक दूसरे का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के अलावा मध्यप्रदेश में कई अनूठी परियोजनाएँ हैं। नदियों के जल का पूरा उपयोग हो इसलिये नर्मदा नदी के पानी को क्षिप्रा नदी में मिलाकर उसे जीवन दिया गया है। अधोसंरचना की कई परियोजनाएँ हैं। मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, फ्लाई ओवर और हाइ-वे निर्माण की परियोजनाएँ चल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आयेगी। एक मित्र और सहयोगी के रूप में उनका स्वागत होगा।

चौहान ने लंदन के डिप्टी मेयर राजेश अग्रवाल और कई कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की और उन्हें 22-23 अक्टूबर को इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आने का निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री के सचिव विवेक अग्रवाल ने निवेशकों को भारत सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना और मध्यप्रदेश की स्मार्ट सिटी विकास की कार्य-योजनाओं की जानकारी दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान एवं प्रतिनिधि-मंडल सदस्यों का लंदन पहुँचने पर भारतीय दूतावास के उच्च अधिकारियों ने स्वागत किया।