हिमाचल में नई सरकार

हिमाचल में नई सरकार का गठन विधानसभा सत्र के बाद

हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा सत्र के बाद राज्य की नई सरकार का गठन किया जाएगा। मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पार्टी में विचार-विमर्श चल रहा है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 दिसंबर, 2022 गुरुवार को कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ दिल्ली में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र के बाद राज्य की नई सरकार का गठन किया जाएगा।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि नई सरकार के कैबिनेट गठन पर कहा, “कोई चुनौती नहीं है। निर्वाचित विधायकों में से ही कैबिनेट का गठन किया जाता है, इसलिए कोई चुनौती नहीं है।” .
बैठक के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह और एआईसीसी के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद थे।
बीते रविवार को शिमला में केवल सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ही शपथ ली थी।
खड़गे से भेंट
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सभी नव-निर्वाचित विधायकों के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भेंट की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश के प्रभारी राजीव शुक्ला भी उपस्थित थे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री और सभी कांग्रेस विधायकों को विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने और राज्य में कांग्रेस को सत्तासीन होने पर बधाई दी।
उन्होंने प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और सभी पार्टी नेताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की।
उन्होंने राजीव शुक्ला को चुनाव अभियान की निगरानी करने के लिए बधाई दी। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं से एकजुट होकर राज्य के लोगों के लिए काम करने और घोषणा-पत्र में किए गए सभी वायदों को अक्षरशः लागू करने के लिए कहा ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति विकास कार्यों से लाभान्वित हो सके।
उन्होंने राष्ट्र के विकास के एजेंडे को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दृष्टिकोण के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
राजीव शुक्ला ने सभी विधायकों का स्वागत करते हुए राज्य में कांग्रेस की सत्ता वापिसी पर बधाई दी।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व को उनके मार्गदर्शन और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार मजबूती और स्थिरता से कार्य करेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार किए गए वायदों को पूरा कर लोगों को बेहतर सेवा और शासन देने का पूरा प्रयास करेगी।